


Saraikela.सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई थाना क्षेत्र में भीषण सड़क हादसा सामने आया है. इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गयी. एक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना गुरुवार देर शाम की है. मृतकों की पहचान गोंडो बांकिरा और तुराम बांकिरा के रूप में की गयी है, जो दोनों कुचाई प्रखंड की मरांगहातु पंचायत के थे.
हादसे में घायल रामसिंह गागराई का इलाज सरायकेला सदर अस्पताल में चल रहा है. दरअसल, तीन लोग एक ही बाइक पर सवार होकर दलभंगा से मरांगहातु लौट रहे थे. इसी दौरान उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े एक ट्रैक्टर से पीछे से टकरा गयी. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल कुचाई के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने गोंडो बांकिरा और तुराम बांकिरा को मृत घोषित कर दिया. राम सिंह गागराई को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सरायकेला सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है.



