


Motihari. मोतिहारी के एसपी स्वर्ण प्रभात ने ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती दिखाते हुए एक जज की गाड़ी का नो पार्किंग में खड़े होने पर चालान कटवा दिया. एक व्यवसायी द्वारा सोशल मीडिया पर तस्वीर डालने के बाद एसपी ने तुरंत कार्रवाई की. जिला जज की सहमति से चालान काटा गया.किसी ने गाड़ी की तस्वीर खींच कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. सवाल किया- क्या ट्रैफिक पुलिस को साहस है, इनका चालान काटने का. गाड़ी आधे घंटे से खड़ी है.
सोशल मीडिया पर पोस्ट पढ़ एसपी ने इसे गंभीरता से लिया. लेकिन बात न्यायिक अधिकारी की थी. इसलिए उन्होंने जिला जज को इस बात से अवगत कराया. जिला जज ने मामले की जांच करायी. उसके बाद गाड़ी का चालान काटने का निर्देश दिया. एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि नो पार्किंग जोन में गाड़ी लगी होने के कारण 500 रुपये का चालान काटा गया है. कानून सबके लिए बराबर है. मामला न्यायपालिका से संबंधित था, इसलिए जिला जज से आदेश लेकर चालान काटा गया है. बताते चलें कि प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी का ड्राइवर गाड़ी लेकर मीना बाजार गया था.



