


Mumbai. भारत समेत विभिन्न देशों पर लगाए उच्च सीमा शुल्क को तीन महीनों के लिए टालने के अमेरिकी सरकार के फैसले से शुक्रवार को स्तानीय शेयर बाजारों में जबर्दस्त तेजी रही. सेंसेक्स 1,310 अंक उछल गया जबकि निफ्टी ने 429 अंकों की छलांग लगाई. भारतीय बाजार में तेजी इस लिहाज से खास रही कि इसने दुनिया भर के बाजारों में व्याप्त गिरावट के रुख के उलट तेजी का रुझान दिखाया. बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 1,310.11 अंक यानी 1.77 प्रतिशत उछलकर 75,157.26 अंक पर बंद हुआ.
कारोबार के दौरान एक समय यह 1,620.18 अंक बढ़कर 75,467.33 तक पहुंच गया था. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का मानक सूचकांक निफ्टी भी 429.40 अंक यानी 1.92 प्रतिशत बढ़कर 22,828.55 अंक पर बंद हुआ. कारोबार के दौरान एक समय यह 524.75 अंक बढ़कर 22,923.90 पर पहुंच गया था. अमेरिकी राष्ट्रपति कार्यालय व्हाइट हाउस की तरफ से जारी आदेशों के मुताबिक, अमेरिका ने इस साल नौ जुलाई तक 90 दिनों के लिए भारत पर लगे अतिरिक्त शुल्क को निलंबित करने की घोषणा की है.
टाटा स्टीलके शेयरों में तेजी, टीसीएस में गिरावट
घरेलू बाजार में आई तेजी के बीच सेंसेक्स की 30 में से 28 कंपनियों के शेयर बढ़त में रहे. टाटा स्टील, पावर ग्रिड, एनटीपीसी, कोटक महिंद्रा बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज और अदाणी पोर्ट्स में सबसे ज्यादा तेजी देखी गई. दूसरी तरफ, एशियन पेंट्स और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए.
वैश्विक बाजारों में गिरावट का रुख
इसके उलट वैश्विक बाजारों में गिरावट का रुख देखा गया. चीन और अमेरिका के बीच व्यापार युद्ध तेज होने से बढ़ती चिंताओं के बीच वैश्विक बाजारों में बिकवाली का जोर देखा गया. एशिया के अन्य बाजारों में जापान का सूचकांक निक्की और दक्षिण कोरिया का कॉस्पी गिरावट के साथ बंद हुआ, जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग चढ़कर बंद हुए. यूरोपीय बाजार भी गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे. अमेरिकी बाजारों में बृहस्पतिवार को बड़ी गिरावट रही.
चीन ने अमेरिका पर 125 प्रतिशत शुल्क लगाया
चीन ने शुक्रवार को अमेरिका से आयात पर अपने अतिरिक्त शुल्क को बढ़ाकर 125 प्रतिशत कर दिया. इसके पहले ट्रंप प्रशासन ने चीन से आयात पर 145 प्रतिशत कर लगाने की घोषणा की. विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 4,358.02 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की.



