


Mumbai. सोना की कीमत में मंगलवार को लगातार चौथे कारोबारी सत्र में तेजी जारी रही और पहली बार सोना एक लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर को पार कर गया. अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 1,800 रुपये चढ़ कर 1,01,600 रुपये प्रति 10 ग्राम के अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया. सोमवार को यह 1650 रुपये की तेजी के साथ 99,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. वहीं, 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी 2,800 रुपये की तेजी के साथ 1,02,100 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया. इससे पिछले सत्र में सोना 99,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. विशेषज्ञों के अनुसार दुनिया में बढ़ते ट्रेड वार की आशंकाओं और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से फेडरल रिजर्व में बदलाव की योजना के संकेत दिये जाने के बाद निवेश के लिहाज से सुरक्षित विकल्प के रूप में सोने की मांग में तेजी आयी.
चांदी की कीमत स्थिर
सोने की कीमत में तेजी के बीच चांदी की कीमत में कोई बदलाव नहीं हुआ है. मंगलवार को चांदी की कीमतें 98,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर रहीं.
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 3500 डॉलर के पार
कॉमेक्स सोना वायदा 83.76 डॉलर या 2.44 प्रतिशत बढ़कर पहली बार 3,500 डॉलर प्रति औंस के मनोवैज्ञानिक स्तर को पार कर गया. कारोबार में पहली बार यह 3,504.12 डॉलर प्रति औंस के नये रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गया. विश्लेषकों ने कहा कि ट्रंप के फेडरल रिजर्व में सुधार की योजना का खुलासा करने के बाद अमेरिकी मौद्रिक नीति को लेकर चिंताओं के कारण सोने की कीमतों में उछाल आया है.



