


New Delhi..संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की ओर से जारी चयनित अभ्यर्थियों के अंकों के विवरण के अनुसार, काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) की स्नातकोत्तर छात्रा शक्ति दुबे ने सिविल सेवा परीक्षा में 51.5 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शीर्ष स्थान हासिल किया. दुबे (28) को कुल 1,043 अंक मिले – लिखित परीक्षा में 843 और साक्षात्कार में दो सौ. उन्होंने राजनीति विज्ञान और अंतरराष्ट्रीय संबंध को वैकल्पिक विषय के रूप में लेकर अपने पांचवें प्रयास में परीक्षा उत्तीर्ण की. इस परीक्षा में मेधा सूची कुल 2,025 अंकों की परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की जाती है. लिखित या मुख्य परीक्षा 1,750 अंकों की होती है और साक्षात्कार 275 अंकों का होता है.
दूसरा स्थान पाने वाली हर्षिता गोयल ने 1,038 (51.28 प्रतिशत) अंक हासिल किये. उन्होंने मुख्य परीक्षा में 851 अंक और साक्षात्कार में 187 अंक प्राप्त किये. गोयल ने चार्टर्ड अकाउंटेंसी में स्नातकोत्तर किया है. उन्होंने बड़ौदा के महाराजा सयाजीराव विश्वविद्यालय से वाणिज्य में स्नातक किया था. गोयल (24) ने अपने तीसरे प्रयास में राजनीति विज्ञान और अंतरराष्ट्रीय संबंध को वैकल्पिक विषय के रूप में रखकर परीक्षा उत्तीर्ण की. वह गुजरात के वडोदरा में रहती हैं और उनका गृह राज्य हरियाणा है. तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाले डोंगरे अर्चित पराग और शाह मार्गी चिराग को क्रमशः 1,038 (मुख्य परीक्षा में 848 और साक्षात्कार में 190) और 1,035 (मुख्य परीक्षा में 825 और साक्षात्कार में 210) अंक मिले हैं.
इस प्रकार पराग ने भी 51.28 प्रतिशत और चिराग ने 51.11 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं. पराग ने तमिलनाडु के वेल्लोर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (वीआईटी) से इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में ‘बैचलर ऑफ टेक्नोलॉजी’ की डिग्री हासिल की है. पुणे के मूल निवासी 26 वर्षीय पराग ने अपने तीसरे प्रयास में यह परीक्षा उत्तीर्ण की. चिराग (26) ने गुजरात प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, अहमदाबाद से कंप्यूटर इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री हासिल की है. उन्होंने अपने पांचवें प्रयास में परीक्षा उत्तीर्ण की. दिल्ली के आकाश गर्ग को 1,032 अंक (मुख्य परीक्षा में 831 और साक्षात्कार में 201) या 50.96 प्रतिशत मिले हैं.



