


Gumla.भरनो प्रखंड मुख्यालय से सटे एक गांव में गुरुवार रात एक युवती को बंधक बना कर तीन मजदूरों ने सामूहिक दुष्कर्म किया. पीड़िता के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया. साथ ही तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों में रायडीह थाना के परसा गांव निवासी संजय उरावं, रामसाय उरांव और किशन उरांव शामिल हैं. पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल कराया है. आरोपियों को शनिवार सुबह जेल भेजा जायेगा. पुलिस के अनुसार, जुरा गांव का राजमिस्त्री रघु लोहरा तीनों मजदूरों को काम करने के लिए लाया था और उन्हें एक किराये के कमरे में रखा था.
गुरुवार शाम मजदूरों ने खूब शराब पी और मेड का काम करनेवाली एक युवती को बहाने से अपने कमरे में बुलाया. इसके बाद बंधक बना कर तीनों ने युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया. आरोपियों ने उसे पूरी रात जाने नहीं दिया. सुबह छह बजे युवती कमरे से निकल कर अपने जाननेवालों के पास पहुंची और घटना की जानकारी दी. इसके बाद वह परिजन के साथ थाने पहुंची और आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया. मामला प्रकाश में आने के बाद थानेदार कंचन प्रजापति व एसआइ मंटू चौधरी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर थाने ले आये.



