


Chakardharpur. नशे में पति ने पत्नी की हत्या कर दी. पूरी रात पति अपनी मृत पत्नी के शव के पास बैठा रहा. सुबह होने पर वह अपने परिजनों को पत्नी की मौत होने की सूचना दी. घटना शनिवार रात करीब आठ बजे लोको कॉलोनी में घटी. जानकारी के अनुसार लोको कॉलोनी के झोपड़पट्टी निवासी शंकर सोय ने नशे की हालत में अपनी पत्नी सुकुरमनी सोय की हत्या कर दी. पूछताछ में आरोपी शंकर सोय ने जुर्म कबूलते हुए बताया कि वह शनिवार की रात नशे की हालत में घर लौटा था.
घर में पत्नी सुकुमोनी सोयी थी. वह भी नशे में थी. रात को पत्नी से खाना बनाने के लिए बोल रहे थे. इसी को लेकर दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया. नशे में पत्नी को तीन-चार डंडा मार दिये. इससे उसकी मौत हो गयी. आरोपी शंकर सोय मूल रूप से चक्रधरपुर प्रखंड के इटोर का रहने वाला है. वर्ष 2014 में शंकर सोय ने सुकुरमनी सोय से विवाह किया था. दोनों कई साल से लोको कॉलोनी में रह रहे थे. यहीं से दोनों रोजाना मजदूरी करने जाते थे. उनका एक पुत्र चामरा सोय (8) और पुत्री अंजली सोय (4) है. घटना के बाद से दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है. सूचना पाकर चक्रधरपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया़ साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.



