


जमशेदपुर. भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) के वयोवृद्ध नेता और दो बार बिहार विधानसभा के विधायक रहे बास्ता सोरेन का निधन हो गया है. घाटशिला से कम्युनिस्ट पार्टी के विधायक रहे कॉमरेड वास्ता सोरेन का लंबी बीमारी के बाद 92 वर्ष की उम्र में मंगलवार की रात जमशेदपुर में इलाज के दौरान निधन हो गया. बुधवार को उनका पार्थिव शरीर घाटशिला लाया गया। सर्वप्रथम आईसीसी वर्कर्स यूनियन कार्यालय में यूनियन के पदाधिकारी एवं सदस्यों ने माला पहनाकर श्रद्धा सुमन अर्पित किया.
आईसीसी वर्कर्स यूनियन कार्यालय से उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव घाटशिला प्रखंड के झापडीशोल गांव लाया गया. गांव में उनके अंतिम दर्शन के लिए आम से खास लोग शामिल हुए. बास्ता सोरेन के पुत्र डा. देवदूत सोरेन ने बताया कि पिछले 15 वर्षों से उनके पिता कैंसर से पीड़ित थे. अपने पीछे दो पुत्र, तीन पुत्री एवं नाती, पोता-पोती का भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं. उनका अंतिम संस्कार संथाल रीति-रिवाज के साथ गांव में ही किया जाएगा. अंतिम विदाई देने के लिए कम्युनिस्ट पार्टी के जिला सचिव कॉमरेड अंबुज ठाकुर, वरिष्ठ साथी कॉमरेड शशि कुमार, कॉमरेड आरएस राय, एटक के कॉमरेड हीरा अरकने, कॉमरेड सोनू सेठी, एआइएसएफ के साथी विक्रम कुमार, कॉमरेड प्रिंस सिंह पहुंचे थे.



