


Jamshedpur.सिदगोड़ा में बारीडीह के रहने वाले टाटा स्टील कर्मी प्रदीप तियू से जबरन बाइक की चाभी छिनने की कोशिश करने और सफलता नहीं मिलने पर सिर से हेलमेट निकाल लेने के मामले में कार्रवाई सामने आयी है. एसएसपी पीयूष पांडेय ने इसकी जांच करवायी और जांच रिपोर्ट सामने आते ही ट्रैफिक सिपाही कुंदन सिंह को सस्पेंड कर दिया. मामले में घटनाक्रम का वीडियो बनाने वाले सिपाही संजय यादव के खिलाफ अभी जांच चल रही है. आगे चलकर उसपर भी कार्रवाई हो सकती है. कहा जा रहा है कि संजय यादव को चाहिए था कि वह बीच-बचाव कर मामला शांत कराते और टाटा स्टील कर्मी से चाबी की छीना झपटी की जगह उनके कागजात देख कर उन पर कार्रवाई करते. मगर, सिपाही पूरे मामले की वीडियो बनाने में लगे रहे.
गौरतलब है कि सिदगोड़ा के 28 नंबर रोड पर पेड़ के पीछे छिपकर खड़े ट्रैफिक पुलिस के सिपाही कुंदन कुमार सिंह ने प्रदीप तियू के साथ बदसुलूकी की थी. उनकी बाइक की चाबी के लिए छीनने की कोशिश की थी. इस घटना का वीडियो रविवार को वायरल हो गया था. इसके बाद ट्रैफिक डीएसपी नीरज सिंह ने मामले की जांच के आदेश दिए थे. गोलमुरी ट्रैफिक थाना प्रभारी भूषण कुमार ने ट्रैफिक डीएसपी के आदेश पर मामले की जांच शुरू कर दी है. गोलमुरी ट्रैफिक थाना प्रभारी भूषण कुमार ने भी घटना का वीडियो देखा है. इसके बाद उन्होंने सिपाही कुंदन कुमार सिंह को सस्पेंड करने की अनुशंसा की. तब एसएसपी पीयुष पांडेय ने ट्रैफिक सिपाही कुंदन सिंह को सस्पेंड कर दिया.
जवान ने उतार लिया था हेलमेट
न्यू बारीडीह के निवासी टाटा स्टील कर्मी रविवार को अपनी पत्नी को लेकर एग्रिको विद्यापतिनगर स्थित एक डॉक्टर के पास गए थे. जब वे बाइक से पत्नी को उतार ही रहे थे, तभी अचानक एक ट्रैफिक पुलिस के सिपाही पेड़ के पीछे से निकलकर आए और जबरन उनकी बाइक की चाभी छीनने का प्रयास करने लगे. जब चाभी नहीं छीन पाए तो उन्होंने प्रदीप तियू के सिर से हेलमेट ही उतार लिया। जैसा की वीडियो में दिख रहा है
पत्नी ने नहीं पहना था हेलमेट
प्रदीप की पत्नी ने हेलमेट नहीं पहना था. ट्रॉफिक पुलिस को करीब आता देख पत्नी बाइक पर से उतर गई थी और पति के साथ हो रहे बदसलूकी को अपने मोबाइल कैमरे में उतार रही थी. कैमरा में साफ दिख रहा था कि ट्रॉफिक पुलिस का जवान जबरन चाभी छिनने की कोशिश कर रहा था.



