


Jamshedpur : जमशेदपुर के मानगो क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. मानगो थाना क्षेत्र के आजादनगर रोड नंबर 5 में बुधवार शाम पुलिस ने छापेमारी कर एक महिला को ब्राउन शुगर बेचते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है.
गिरफ्तार की गई महिला की पहचान शबनम परवीन के रूप में हुई है जो कुख्यात अपराधी वसीम बच्चा की मां है. पुलिस को महिला के खिलाफ पहले से ही नशे के कारोबार में जुड़ाव की पुख्ता सूचना थी. इसी आधार पर एक दिन पहले एक व्यक्ति को नकली ग्राहक बनाकर महिला के घर भेजा गया जहां से ब्राउन शुगर बेचे जाने की पुष्टि हुई.इसके बाद बुधवार की शाम विशेष टीम ने महिला के घर पर छापेमारी की और उसे ब्राउन शुगर की पुड़िया सौंपते हुए मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान महिला के घर से कुल 18 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई हैं. पुलिस ने जब्त नशीले पदार्थ को जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
पुलिस को आशंका है कि वसीम के जेल जाने के बाद उसकी मां ने ही नशे के धंधे की कमान संभाल ली थी और घर को नशे के कारोबार का अड्डा बना रखा था. DSP हेडक्वार्टर-1 भोला प्रसाद ने बताया कि महिला के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है. पूछताछ के बाद गुरुवार को उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा.
पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस अवैध नशा कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं. इस दिशा में कई संदिग्धों से पूछताछ भी की जा सकती है.



