


जमशेदपुर:
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2025 के अवसर पर श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर परिसर, बारीडीह में एक भव्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर जीर्णोद्धार समिति और क्रीड़ा भारती के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 400 योग प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह पहला मौका था जब मंदिर परिसर में इतने बड़े स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित हुआ।
कार्यक्रम का संचालन योग शिक्षक नवीन चौरसिया द्वारा किया गया, जिन्होंने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान विधियों का अभ्यास कराया। योग सत्र के दौरान वातावरण पूर्णतः आध्यात्मिक और अनुशासित रहा।
कार्यक्रम में जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक श्री सरयू राय, क्रीड़ा भारती के उपाध्यक्ष शिवशंकर सिंह, प्रांत मंत्री राजीव कुमार, और जनता दल (यू) के जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। उन्होंने स्वयं भी योग कर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दर्शाया।
विधायक सरयू राय ने योग दिवस पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा, “योग भारत की प्राचीनतम और वैज्ञानिक जीवन पद्धति है। यह न केवल शरीर को बलवान बनाता है, बल्कि मन, बुद्धि और आत्मा को एक सूत्र में पिरोता है। महर्षि पतंजलि और गुरु गोरखनाथ जैसे महापुरुषों ने योग को व्यावहारिक आयाम दिया।”
उन्होंने कहा कि योग के माध्यम से आज समाज में एक खान-पान और जीवनशैली के प्रति जागरूकता आ रही है। “हमें यह जानने की जरूरत है कि हम क्या खाएं, क्या न खाएं और किस तरीके से खाएं – योग हमें यह चेतना देता है।”
कार्यक्रम का उद्देश्य योग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना और मंदिर परिसर जैसे पवित्र स्थानों को स्वास्थ्य और अध्यात्म से जोड़ना था। आयोजकों ने बताया कि भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों की नियमित योजना बनाई जाएगी, जिससे आमजन में योग के प्रति रुचि और नियमित अभ्यास की आदत विकसित हो।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में मंदिर समिति, क्रीड़ा भारती और स्थानीय स्वयंसेवकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। समापन पर सभी प्रतिभागियों को जलपान भी कराया गया।




