


Jamshedpur/Ranchi. झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने राज्य में विभिन्न मुद्दों को लेकर मंगलवार को सभी 264 प्रखंडों में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया. इसी क्रम में भाजपा जमशेदपुर महानगर की अगुवाई में करनडीह स्थित जमशेदपुर प्रखंड कार्यालय, पोटका, पटमदा एवं बोड़ाम प्रखंड कार्यालयों पर भी जोरदार प्रदर्शन किया गया.
इस अवसर पर जमशेदपुर प्रखंड कार्यालय करनडीह में भाजपा महानगर के जिला अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने कहा कि राज्य सरकार जनता की समस्याओं को न देख रही है, न सुन रही है और न ही कोई समाधान निकाल रही है. विधवा पेंशन महीनों से रुकी पड़ी है। मइया योजना में भारी अनियमितताएं हैं. किसानों को उनके फसलों का सही मूल्य नहीं मिल रहा है और धान की खरीद भी ठीक ढंग से नहीं हो रही है.
बाबूलाल ने गिरिडीह के गावां प्रखंड में किया विरोध
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने गिरिडीह जिले के गावां प्रखंड में, जबकि भाजपा प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष रवींद्र कुमार राय ने गिरिडीह जिले के राजधनवार ब्लॉक में इस प्रदर्शन का नेतृत्व किया. भाजपा ने राज्य में ‘बिगड़ती कानून व्यवस्था’, ‘भ्रष्टाचार’ और ‘बढ़ती बेरोजगारी’ का आरोप लगाते हुए सरकार के खिलाफ यह प्रदर्शन किया. मरांडी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा, हेमंत सरकार में व्याप्त भ्रष्टाचार, चरमराती कानून व्यवस्था, बिजली-पानी की बदहाल स्थिति, बालू, पत्थर और कोयले की लूट तथा बढ़ती बेरोजगारी के खिलाफ पूरे राज्य में प्रखंड-स्तरीय विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है.’
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी दलालों, बिचौलियों और भ्रष्ट व्यवस्था को संरक्षण देने वाली सरकार के खिलाफ सड़क से लेकर विधानसभा तक लगातार संघर्ष करती रही है. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, ‘यह प्रदर्शन सरकार के खिलाफ एक शुरुआत मात्र है. अगर लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ और सरकारी दफ्तरों में भ्रष्टाचार पर लगाम नहीं लगी तो पार्टी का हर कार्यकर्ता सरकार के खिलाफ आवाज उठाएगा.



