


Mumbai. बैंकों शेयरों में खरीदारी और अमेरिकी बाजारों में तेजी के बीच स्थानीय शेयर बाजार शुक्रवार को अत्यधिक उतार-चढ़ाव वाले कारोबार में बढ़त के साथ बंद हुए. सेंसेक्स 193 अंक चढ़ा जबकि निफ्टी में 56 अंकों की बढ़त रही.
बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के अंत में 193.42 अंक यानी 0.23 प्रतिशत बढ़कर 83,432.89 अंक पर बंद हुआ. कारोबार के दौरान सेंसेक्स 83,477.86 अंक के ऊपरी और 83,015.83 अंक के निचले स्तर तक गया. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का मानक सूचकांक निफ्टी भी 55.70 अंक यानी 0.22 प्रतिशत बढ़कर 25,461 अंक पर बंद हुआ.
सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में से बजाज फाइनेंस, इन्फोसिस, हिंदुस्तान यूनिलीवर, आईसीआईसीआई बैंक, एचसीएल टेक, अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फिनसर्व, भारतीय स्टेट बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एक्सिस बैंक और लार्सन एंड टुब्रो के शेयर बढ़त में रहे. दूसरी तरफ, ट्रेंट, टाटा स्टील, टेक महिंद्रा और मारुति सुजुकी इंडिया के शेयरों में गिरावट का रुख रहा.
अमेरिका-आधारित जेन स्ट्रीट ग्रुप प्रतिबंधित
इस बीच, बाजार नियामक सेबी ने अमेरिका-आधारित जेन स्ट्रीट ग्रुप को प्रतिभूति बाजारों से प्रतिबंधित कर दिया है. उसने समूह को डेरिवेटिव खंड में किए गए सौदों के जरिये शेयर सूचकांकों में हेराफेरी करने के आरोप में 4,843 करोड़ रुपये की अवैध आय को वापस करने का निर्देश दिया है.



