Ranchi. झारखंड के गिरिडीह में मानवता को शर्मसार करने वाली तस्वीर सामने आई है. नगर निगम के बेसमेंट में तीन नए शव वाहन खड़े रहने के बावजूद सफाईकर्मी सोनू हाड़ी के शव को कचरा गाड़ी से अस्पताल लाया गया. गिरिडीह की ये ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने पूरे शहर को शर्मसार कर दिया है. एक तरफ नगर निगम के बेसमेंट में सरकार की ओर से मिले तीन नए शव वाहन धूल फांक रहे हैं, तो दूसरी तरफ एक सफाईकर्मी के शव को कचरा ढोने वाली गाड़ी से सदर अस्पताल लाया गया. पचंबा थाना क्षेत्र के निवासी 30 वर्षीय सोनू हाड़ी नगर निगम में दैनिक सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे. रोज सुबह शहर को स्वच्छ बनाने निकलने वाले सोनू की तालाब में डूबने से मौत हो गई. मौत के बाद उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए किसी एंबुलेंस या शव वाहन से नहीं, बल्कि उसी कचरा उठाने वाली गाड़ी से सदर अस्पताल लाया गया, जिससे वे रोज शहर का कचरा उठाते थे. सोनू के शव को कचरा ढोने वाले वाहन से अस्पताल लाने की तस्वीर सामने आते ही नगर निगम की व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं.

लोगों का कहना है कि क्या एक सफाईकर्मी को मौत के बाद भी सम्मानजनक विदाई का हक नहीं है? कुछ दिन पहले ही राज्य सरकार की ओर से गिरिडीह नगर निगम को तीन शव वाहन उपलब्ध कराए गए थे, ताकि किसी की मृत्यु के बाद शव को सम्मानपूर्वक अस्पताल या घर तक पहुंचाया जा सके. लेकिन ये वाहन निगम के बेसमेंट में खड़े-खड़े धूल फांक रहे हैं. सवाल यह उठ रहा है कि जब निगम के अपने ही कर्मचारी को शव वाहन नहीं मिल सका, तो आम जनता को इसका लाभ कैसे मिलेगा?


