


Jamshedpur. जमशेदपुर में एनएच-33 पर गुरुवार तड़के बड़ा हादसा टल गया, जब ओडिशा से रांची जा रही महालक्ष्मी नामक यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई. हादसे के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों के बीच चीख-पुकार गूंजने लगी. स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को बाहर निकाला और सूचना पाकर पहुंची पुलिस की मदद से उन्हें एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी की हालत स्थिर बताई गई है.हादसे बाद भुवनेश्वर से रांची लौट रही महालक्ष्मी ट्रैवल्स बस का चालक फरार हो गया.
इस हादसे में बस में सवार आधा दर्जन लोग घायल हो गये. हादसे की जानकारी मिलने पर एमजीएम थाना की पुलिस पहुंची. पुलिस ने घायलों को एमजीएम अस्पताल पहुंचाया. घायलों में ओडिशा के ब्रह्मपुर निवासी शिवभंगर रजीत, नालंदा फतेहपुर निवासी राकेश कुमार व अन्य शामिल हैं. एमजीएम अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद सभी को छोड़ दिया गया. इधर, पुलिस ने क्रेन की मदद से बस को उठाया और फिर एमजीएम थाना ले गयी.



