


Giridih. गिरिडीह में मंगलवार को एक सिर कटी लाश मिलने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया. शव का सिर अब तक बरामद नहीं हो सका है. घटना गावां थाना क्षेत्र की है. पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक के चचेरे भाई को गिरफ्तार कर लिया है और उसी की निशानदेही पर युवक की लाश बरामद की गई. हत्या की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है. मृतक की पहचान बादीडीह पंचायत अंतर्गत नावाडीह निवासी आनंद कुमार यादव (22) के रूप में की गई है. परिजनों के अनुसार, आनंद शनिवार रात से लापता था। इस संबंध में परिजनों ने गावां थाना में आवेदन देकर गुमशुदगी का सनहा दर्ज कराया था.
सूत्रों के अनुसार, पुलिस आनंद के मोबाइल को ट्रेस करते हुए खोजबीन में जुट गई थी. कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस ने आनंद के चचेरे भाई कमलेश यादव (38) को सोमवार की रात हिरासत में लिया. उससे कड़ाई से पूछताछ शुरू की तो कमलेश ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. आनंद हजारीबाग में रहकर पढ़ाई करता था.
वहीं, कमलेश नोएडा में अपनी पत्नी के साथ रहता था. पुलिस ने हत्यारोपी को साथ लेकर उसकी निशानदेही पर आनंद कुमार के धड़ को बरामद किया. सूत्रों के अनुसार, आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने आनंद की चाकू से गर्दन काटकर हत्या कर शव को झाड़ी में फेंक दिया था.



