


Seraikela : झारखंड के सरायकेला जिले में भारी बारिश से दो अलग-अलग जगहों पर मिट्टी के मकान गिर गए, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई और 10 से अधिक लोग घायल हुए हैं.
राजनगर थाना क्षेत्र के डांडू गांव में शुक्रवार शाम भारी बारिश के चलते एक मिट्टी का मकान ढह गया. हादसे में अरविंद लोहार (7) और उसकी मां शांति लोहार (27) की मौके पर ही मौत हो गई. घर के बाकी 8 लोग भी मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए.
ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए मलबा हटाया और घायलों को 108 एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक इलाज के बाद सात घायलों को एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया. प्रशासन की ओर से प्रखंड विकास पदाधिकारी मलय कुमार और मुखिया सानो टुडू मौके पर पहुंचे और राहत कार्य का निरीक्षण किया.
शनिवार सुबह खरसावां थाना क्षेत्र के कोल शिमला गांव में मुन्ना बोदरा का मकान गिर गया. हादसे में उनके 5 साल के बेटे बाजे बोदरा की मौत हो गई. मुन्ना बोदरा, उनकी पत्नी अनुष्का और ढाई साल की बेटी गुरबारी घायल हो गए.
स्थानीय लोगों ने समय पर पहुंचकर मलबा हटाया और सभी को अस्पताल पहुंचाया. बाजे को डॉक्टरों ने मृत घोषित किया. बाकी तीनों का इलाज जारी है.
उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने घटनाओं को दुखद बताया और कहा कि प्रभावित परिवारों को पंचायत और सामुदायिक भवन में अस्थायी रूप से शिफ्ट किया गया है. राहत और बचाव कार्य जारी है.



