


Jamshedpur.हाथियों के संरक्षण और उनके प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से वन विभाग और टाटा जू की ओर से 5 अक्टूबर को विशेष मैराथन “रन फॉर गजराज” का आयोजन किया जाएगा. डीएफओ सबा आलम अंसारी ने बताया कि यह पहल केवल खेल आयोजन नहीं बल्कि मानव और वन्यजीवों के सहअस्तित्व को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.
मैराथन 16 किलोमीटर की होगी, जिसकी शुरुआत शहरबेड़ा फुटबॉल मैदान से होगी. प्रतिभागी मकुलाकोचा, कदमझोर और तुलीन होते हुए वापस शहरबेड़ा लौटेंगे. लगभग 4,000 प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है. रजिस्ट्रेशन नि:शुल्क रहेगा और सभी धावकों को टी-शर्ट उपलब्ध कराई जाएगी.
विजेताओं को नकद पुरस्कार दिए जाएंगे
पहले स्थान पर 31 हजार, दूसरे पर 21 हजार, तीसरे को 11 हजार जबकि चौथे और पांचवें स्थान पर रहने वालों को 5-5 हजार रुपए का इनाम मिलेगा. डीएफओ ने बताया कि 3 से 12 अक्टूबर तक वन विभाग और टाटा जू द्वारा वाइल्ड लाइफ वीक भी मनाया जाएगा. इसमें वॉकथॉन, पेंटिंग-निबंध प्रतियोगिता और 8 अक्टूबर को दलमा में फोटोग्राफी प्रतियोगिता शामिल है. उम्मीद है कि इन आयोजनों से मानव-हाथी संघर्ष में कमी लाने और संरक्षण की भावना को बल मिलेगा.



