


Jamshedpur. मानगो नगर निगम ने सोमवार को आजादनगर थाना क्षेत्र के ओल्ड पुरुलिया रोड में प्रतिबंधित सिंगल-यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान चलाया. इसको लेकर स्थानीय लाेेग अचानक उग्र हो गए. सुबह करीब 10:45 बजे निगम की टीम छापेमारी कर रही थी. टीम ने सड़क पर कचरा फेंक रहे 3-4 दुकानदारों को रोका. इस दौरान उनके पास 3-4 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक पाया गया. दुकानदारों और लोगों ने अचानक विरोध शुरू कर दिया. प्लास्टिक की दुकान-दर-दुकान जांच और संभावित जब्ती कार्रवाई को लेकर लोग उत्तेजित हो उठे. दुकानदारों का कहना था कि बिना पूर्व सूचना, जागरूकता अभियान और वैकल्पिक व्यवस्था दिए सीधे कार्रवाई करना उचित नहीं है. उनका आरोप था कि निगम ने न तो कोई बैठक की और न ही यह बताया कि किस प्रकार के प्लास्टिक पर प्रतिबंध है तथा उसके बदले कौन सा विकल्प उपलब्ध कराया जा रहा है.
स्थानीय लोगों ने कहा कि गरीब कॉलोनी में अधिकांश लोग छोटे पैमाने पर व्यवसाय चलाते हैं और प्लास्टिक ही उनके लिए सबसे आसान व किफायती पैकिंग का साधन है. ऐसे में अचानक कार्रवाई से उनकी रोज़ी-रोज़गार प्रभावित होगी.
विरोध बढ़ता देख वहां माहौल कुछ देर तक तनावपूर्ण रहा. दुकानदारों ने नारेबाजी की और टीम को कार्रवाई रोकने की मांग की. हालात बिगड़ते देख नगर निगम की टीम को जांच अधूरी छोड वापस लौटना पडा.
सुबह के हंगामे के बाद, शाम करीब 4 बजे निगम की टीम आजादनगर पुलिस के साथ दोबारा गरीब कालोनी पहुंची. पुलिस की मौजूदगी देख दुकानदारों ने सुबह छीना गया प्लास्टिक वापस कर दिया.
कुछ दुकानदारों को पूछताछ के लिए रोका गया, लेकिन उन्होंने माफी मांगकर और भविष्य में सहयोग का भरोसा देकर छोड़ दिया. मानगो नगर निगम ने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और अधिकारियों पर हमला करने के मामले में आजादनगर थाना में अधिकारियों के खिलाफ आवेदन दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.निगम ने कहा कि आगे इस तरह की घटनाओं पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और अभियान बिना रुकावट जारी रहेगा. मानगो नगर निगम का यह अभियान पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक प्रदूषण रोकने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है.
अधिकारियों ने कहा कि प्रतिबंधित सिंगल-यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल पर अब कोई समझौता नहीं होगा. इस अभियान के तहत पूरे नगर में निगम टीम नियमित रूप से जांच कर रही है और दुकानदारों और आम लोगों को प्लास्टिक के वैकल्पिक विकल्प अपनाने के लिए जागरूक किया जा रहा है.



