जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ ग्रामीण पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के जमसोला बॉर्डर पर वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक जाइलो गाड़ी से 45 किलो गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब 22 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 20 हजार 60 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।

वाहन जांच के दौरान जाइलो से मिला गांजा
पुलिस के अनुसार, नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए ग्रामीण पुलिस की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बहरागोड़ा के जमसोला बॉर्डर पर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक जाइलो गाड़ी को रोककर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान गाड़ी से 45 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन में सवार दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गांजे के साथ 20,060 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।
ओडिशा से खड़गपुर ले जाया जा रहा था गांजा
पूरे मामले का खुलासा ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने प्रेस वार्ता में किया। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांजा ओडिशा से लाकर खड़गपुर में बेचने की योजना थी। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
ग्रामीण एसपी के मुताबिक, पुलिस इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। मामले में सामने आए अन्य संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।
तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी, इसकी आपूर्ति किसे की जानी थी और इस कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


