


JAMSHEDPUR।
जिले में कृषि एवं कृषक कल्याण से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर कृषि एवं संबंद्ध विभागों की समीक्षात्मक बैठक समाहरणालय सभागार में आयोजित की गई। अपर उपायुक्त भगीरथ प्रसाद की अध्यक्षता में आहूत बैठक के दौरान विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में कृषि विभाग को सभी प्रखंडों में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) का लाभ पात्र किसानों तक पहुँचाने का निर्देश दिया गया। इसके लिए शिविर आयोजित कर फॉर्म जेनरेशन एवं आवेदन प्रक्रिया में तेजी लाने पर विशेष बल दिया गया। साथ ही मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना के अंतर्गत पोटका प्रखंड में सॉइल सैंपल कलेक्शन की प्रगति अपेक्षित स्तर से कम पाए जाने पर उसमें वृद्धि करने का स्पष्ट निर्देश दिया गया।
सूक्ष्म सिंचाई योजना में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति नहीं होने पर बैठक में नाराजगी व्यक्त की गई तथा संबंधित पदाधिकारी को कार्य में तेजी लाते हुए समयबद्ध रूप से लक्ष्य प्राप्त करने का निर्देश दिया गया। भूमि संरक्षण पदाधिकारी को कृषि यंत्र वितरण, तालाब निर्माण से संबंधित प्रस्तावों का शीघ्र अनुमोदन कराते हुए सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। बैठक में उद्यान विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि जिले में कीट रहित इकाइयों का संचालन, मशरूम उत्पादन हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रम तथा मधुमक्खी पालन को बढ़ावा देने हेतु निरंतर कार्य किया जा रहा है, जिससे किसानों की आय में वृद्धि हो सके।
सहकारिता विभाग को निर्देशित किया गया कि कृषि विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक किसानों को रबी फसल बीमा योजना से आच्छादित करते हुए निर्धारित लक्ष्य को समय पर पूरा करना सुनिश्चित करें। बैठक में पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी योजनाओं का लाभ पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ किसानों तक पहुँचे, ताकि कृषि क्षेत्र में उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ किसानों की आय में स्थायी वृद्धि सुनिश्चित की जा सके।



