


रांची।
भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने तीन दिवसीय झारखंड दौरे के तहत रविवार की शाम राजधानी रांची पहुंचीं। राष्ट्रपति का विशेष विमान बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर उतरा, जहां उनका भव्य और औपचारिक स्वागत किया गया। एयरपोर्ट से लेकर लोक भवन तक पूरे मार्ग पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और सभी निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन किया गया।
राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने किया स्वागत
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के रांची पहुंचने पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राष्ट्रपति को झारखंड की संस्कृति से जुड़ा प्रतीक चिन्ह भेंट किया। स्वागत समारोह के दौरान प्रशासनिक अधिकारी और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह मुस्तैद रहीं।
एयरपोर्ट से लोक भवन तक कड़ा सुरक्षा घेरा
राष्ट्रपति के आगमन को लेकर रांची पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने पहले से ही व्यापक तैयारियां कर रखी थीं। एयरपोर्ट से लोक भवन तक पूरे रूट लाइन पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी। राष्ट्रपति के काफिले की आवाजाही के दौरान सुरक्षाकर्मी अलर्ट मोड में नजर आए।
करीब 20 से 22 मिनट के भीतर राष्ट्रपति का काफिला कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच लोक भवन पहुंचा।
लोक भवन में रात्रि विश्राम
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रविवार की रात लोक भवन में ही विश्राम करेंगी। राष्ट्रपति के ठहराव को देखते हुए लोक भवन और उसके आसपास के इलाकों में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। आम लोगों की आवाजाही पर भी आंशिक नियंत्रण रखा गया है।
सोमवार को सरायकेला-खरसावां और जमशेदपुर का दौरा
अपने दौरे के दूसरे दिन यानी सोमवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सरायकेला-खरसावां और जमशेदपुर में आयोजित दो अलग-अलग कार्यक्रमों में शिरकत करेंगी। दोनों कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद राष्ट्रपति पुनः रांची लौटेंगी और रात्रि विश्राम लोक भवन में ही करेंगी।
मंगलवार को गुमला में कार्यक्रम
तीन दिवसीय झारखंड दौरे के अंतिम दिन यानी मंगलवार को राष्ट्रपति गुमला जिले में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होंगी। इसके बाद राष्ट्रपति का झारखंड दौरा संपन्न होगा।
प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
राष्ट्रपति के पूरे दौरे के दौरान राज्य प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। रांची सहित सभी कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई है। प्रशासन का कहना है कि राष्ट्रपति के दौरे को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सफल बनाने के लिए हर स्तर पर निगरानी रखी जा रही है।




