


जमशेदपुर. केनेल क्लब (JKC) द्वारा शुक्रवार को 79वीं, 80वीं और 81वीं वार्षिक चैंपियनशिप डॉग शो का उद्घाटन किया गया. तीन दिवसीय यह आयोजन 9 से 11 जनवरी 2026 तक शहर के जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के तीरंदाजी मैदान में होगा.
टाटा स्टील के सीईओ एवं एमडी टी. वी. नरेंद्रन ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम का उद्घाटन किया. उन्होंने कहा कि यह जमशेदपुर के लिए गौरव की बात है कि टाटा स्टील इस तरह के कार्यक्रम का आयोजन करती है.
इस डॉग शो में चार प्रमुख प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं. इनमें आज्ञाकारिता परीक्षण (Obedience Trials), लैब्राडोर रिट्रीवर स्पेशलिटी शो, बीगल स्पेशलिटी शो और सभी नस्लों का चैंपियनशिप शो शामिल हैं.
चैंपियनशिप शो में कुल 326 डॉग भाग ले रहे हैं, जो 43 विभिन्न नस्लों का प्रतिनिधित्व करते हैं. इनमें तिब्बती मास्टिफ, चाउ-चाउ, डोगो अर्जेंटिनो, इंग्लिश सेटर जैसी दुर्लभ विदेशी नस्लें शामिल हैं. साथ ही कारवां हाउंड, कंबाई, मुधोल हाउंड, पश्मी और राजा पालयम जैसी देशी भारतीय नस्लें भी मौजूद हैं.
इस वर्ष शो की एक खास बात जमशेदपुर के पालतू डॉग्स के लिए विशेष प्रतियोगिता है. इसमें जमशेदपुर के शीर्ष 8 डॉग्स को प्रथम से अष्टम सर्वश्रेष्ठ डॉग घोषित किया जाएगा.
सर्वश्रेष्ठ स्थानीय प्रशिक्षक और आरक्षित सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षक को भी सम्मानित किया जाएगा. इस पहल का उद्देश्य स्थानीय डॉग ओनर्स और प्रशिक्षकों को प्रोत्साहित करना है. डॉग शो में शामिल सभी निर्णायक एफसीआई (FCI) प्रमाणित हैं और विश्व डॉग शो के अनुभवी जज रह चुके हैं.



