Jamshedpur. मानगो के जवाहरनगर रोड नंबर 15 स्थित कृष्णा उद्यान में सोमवार को बैंक की कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया। एक्सिस बैंक की टीम ने पुलिस की मौजूदगी में परिसर की दो दुकानों को सील कर दिया। सील की गई दुकानों में वैरायटी स्टोर और उसके बगल में स्थित राजा स्टोर शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, कृष्णा उद्यान की बिल्डिंग के मालिक मोहन सिंह पर एक्सिस बैंक का करोड़ों रुपये का कर्ज बकाया है।

इसी बकाया राशि की वसूली को लेकर बैंक की टीम सोमवार को पुलिस के साथ मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने दोनों दुकानों को सील कर दिया। मौके पर मौजूद अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई डीसी के आदेश के तहत की जा रही थी।

वहीं, वैरायटी स्टोर के संचालक संतोष कुमार चौधरी ने बैंक की कार्रवाई पर आपत्ति जताई। उन्होंने बताया कि वह वर्ष 2008 से मोहन सिंह से दुकान किराये पर लेकर अपना व्यवसाय चला रहे हैं।

