


जमशेदपुर।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) कर्ण सत्यार्थी ने समाहरणालय में आयोजित प्रेस वार्ता में नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के तहत संपन्न मतदान की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि जिले के मानगो नगर निगम, जुगसलाई नगर परिषद तथा चाकुलिया नगर पंचायत में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से मतदान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
उन्होंने कहा कि प्रशासन की सुदृढ़ तैयारी और सुरक्षा प्रबंधों के कारण पूरे जिले में कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना प्राप्त नहीं हुई।
कुल मतदान का विवरण
जिले के 70 वार्डों के 249 मतदान केंद्रों पर वोटिंग कराई गई। कुल 2,53,711 मतदाताओं में से 1,35,536 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस प्रकार कुल मतदान प्रतिशत 53.40 दर्ज किया गया।
निकायवार मतदान प्रतिशत इस प्रकार रहा—
-
मानगो नगर निगम – 50.8%
-
जुगसलाई नगर परिषद – 59.6%
-
चाकुलिया नगर पंचायत – 72.9%
चाकुलिया नगर पंचायत में सर्वाधिक मतदान दर्ज किया गया, जो मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी को दर्शाता है।
सुरक्षा और मूलभूत सुविधाएं
सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं (AMF) उपलब्ध कराई गई थीं। पेयजल, शौचालय, रैंप, प्रकाश व्यवस्था आदि की समुचित व्यवस्था की गई थी।
मतदान प्रक्रिया सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस पदाधिकारियों की निगरानी में शांतिपूर्वक संपन्न हुई। सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ संवेदनशील बूथों पर विशेष नजर रखी गई।
मतपेटिकाएं सुरक्षित जमा
सफलतापूर्वक मतदान संपन्न होने के बाद तीनों नगर निकायों के मतदान दल कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतपेटिकाओं को गोलमुरी-सह-जुगसलाई प्रखंड परिसर स्थित रिसीविंग सेंटर में सुरक्षित रूप से जमा करा रहे हैं।
पूरी प्रक्रिया प्रशासनिक एवं सुरक्षा अधिकारियों की निगरानी में सुव्यवस्थित ढंग से पूरी की जा रही है। मतपेटिकाओं को सुरक्षित स्ट्रॉन्ग रूम में रखा जा रहा है, जहां 24 घंटे सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
सभी का आभार
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदान में भाग लेने वाले मतदाताओं, प्रेक्षकों, चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों, पुलिस बल, मीडिया प्रतिनिधियों तथा सहयोगी सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
27 फरवरी को मतगणना
उन्होंने बताया कि मतगणना 27 फरवरी को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कराई जाएगी। जिला प्रशासन स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर पूर्णतः प्रतिबद्ध है।




