


Ranchi.केंद्र सरकार ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) के कामकाज में तेजी लाने के उद्देश्य से सात बड़े अधिकारियों का तबादला आदेश जारी किया है। इस फेरबदल के तहत प्रभाकर प्रभात को झारखंड ईडी का नया संयुक्त निदेशक नियुक्त किया गया है। वर्तमान में वह रायपुर जोनल ऑफिस में अपनी सेवाएं दे रहे थे। इसके साथ ही उन्हें पणजी जोनल ऑफिस के अपर निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
झारखंड में अब तक कार्यरत संयुक्त निदेशक अजय लुहाच को अब रायपुर जोनल ऑफिस की जिम्मेदारी दी गई है। जारी सूची के अनुसार, मधुर डी सिंह को गुरुग्राम, राज कुमार को मुख्यालय, मयंक पांडेय को मुंबई-1, राकेश कुमार सुमन को लखनऊ और अवनीश तिवारी को चंडीगढ़ का अपर निदेशक बनाया गया है। झारखंड में सत्ता के गलियारों से जुड़े कई बड़े मामलों की जांच जारी होने के कारण इस बदलाव को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



