


Jamshedpur. रेल परिचालन की अव्यवस्था और ट्रेनों के लगातार लेट चलने के विरोध में सोमवार को जिला कांग्रेस सहकारिता विभाग ने जोरदार प्रदर्शन किया। साकची स्थित जेएनएसी गोल चक्कर के पास एकदिवसीय धरना आयोजित कर रेलवे प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। धरना का नेतृत्व विभाग के अध्यक्ष चिन्ना राव ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने रेलवे की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि ट्रेनों की अनियमितता से आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
धरना को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता विजय यादव ने बताया कि चांडिल से जमशेदपुर जैसी कम दूरी तय करने में पैसेंजर ट्रेन को करीब चार घंटे लग रहे हैं, जबकि सामान्य परिस्थितियों में यह दूरी महज आधे घंटे में पूरी हो सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई अन्य ट्रेनें भी निर्धारित समय से काफी देर से चल रही हैं, जिससे यात्रियों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि रेलवे की लापरवाही का सीधा असर नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और दैनिक यात्रियों पर पड़ रहा है। समय पर ट्रेनें नहीं चलने से लोगों को अपने कार्यस्थल और शिक्षण संस्थानों तक पहुंचने में कठिनाई हो रही है।
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि ट्रेनों की समयपालन व्यवस्था में सुधार किया जाए, परिचालन तंत्र को दुरुस्त किया जाए और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि जल्द ही स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।



