


Jamshedpur. टाटानगर रेलवे स्टेशन के अमृत भारत योजना के तहत होने वाले कायाकल्प (Re-development) के रास्ते में आ रहे अवरोधों को हटाने गई जिला प्रशासन और रेलवे की टीम को बुधवार को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। जुगसलाई के गुदड़ी बाजार स्थित ‘लक्ष्मी भंडार’ नामक दुकान को तोड़ने पहुंची टीम को फिलहाल 15 दिनों के लिए अपनी कार्रवाई रोकनी पड़ी है। इंजीनियरिंग विभाग की टीम बुधवार सुबह पुलिस बल और मजिस्ट्रेट के साथ गुदड़ी बाजार पहुंची थी। जैसे ही टीम लक्ष्मी भंडार को ध्वस्त करने आगे बढ़ी,
दुकानदार मुरारी लाल अग्रवाल और उनके समर्थकों ने विरोध शुरू कर दिया। दुकानदार की ओर से कृषि बाजार समिति के अध्यक्ष दीपक भालोटिया ने दलील दी कि इस मामले में हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की जा चुकी है, जिसे कोर्ट ने एडमिट भी कर लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बाजार में 100 से अधिक दुकानें हैं, लेकिन रेलवे केवल एक ही दुकान को निशाना बना रहा है, जो कि अनुचित है।
धालभूम अनुमंडल कार्यालय के मजिस्ट्रेट सुदीप्त राज ने बताया कि दुकानदार ने हाईकोर्ट में मामला लंबित होने की बात कहते हुए 15 दिनों का समय मांगा है। मजिस्ट्रेट ने स्पष्ट किया कि दुकानदार ने भरोसा दिया है कि यदि वे 15 दिनों के भीतर कोर्ट से ‘स्टे ऑर्डर’ नहीं ला पाते, तो वे खुद दुकान खाली कर देंगे। इसी आधार पर उन्हें आखिरी मोहलत दी गई है।



