


Giridih: झारखंड के गिरिडीह जिले में सुरक्षा गार्ड और कथित कोयला चोरों के बीच हुई झड़प में एक व्यक्ति की मौत हो गई तथा छह अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह घटना मंगलवार रात मुफस्सिल थाना क्षेत्र के तहत सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के कमांड एरिया में स्थित कोयला साइडिंग (लोडिंग-अनलोडिंग स्थल) पर हुई। सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) जीतवाहन उरांव ने बताया कि इस घटना में एक ग्रामीण की मौत हो गई और उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा गार्ड और कथित कोयला चोरों के बीच हुई इस झड़प में छह सुरक्षा गार्ड घायल हुए हैं, जिनका यहां सीसीएल अस्पताल में इलाज चल रहा है।
उरांव ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। परियोजना के प्रबंधक राम सागर ने आरोप लगाया कि करीब 100 लोग कोयला चोरी के लिए मौके पर पहुंचे, जिनमें अधिकतर स्थानीय थे। उन्होंने कहा, ‘‘जब सुरक्षा गार्ड्स ने इसका विरोध किया तो कोयला चोरों ने पथराव शुरु कर दिया और उन पर हमला कर दिया। पुलिस के पहुंचते ही वे वहां से भाग गए।’ वहीं, ग्रामीणों ने कोयला परियोजना स्थल पर विरोध प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि सुरक्षा गार्ड्स ने ही एक ग्रामीण की हत्या की है।



