


Jamshedpur. मानगो के एमजीएम थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर एक युवती के साथ यौन* शोष*ण करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान छोटा बाकी निवासी सोहन सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पीड़िता द्वारा एमजीएम थाना में दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार, सोहन सिंह ने पहले उससे प्रेम संबंध स्थापित किए और शादी का वादा किया। युवती का आरोप है कि शादी का भरोसा दिलाकर आरोपी लंबे समय तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। युवती ने उस पर विश्वास कर लिया, लेकिन समय बीतने के साथ आरोपी का व्यवहार बदलने लगा।
मामले ने उस समय गंभीर रूप ले लिया जब पीड़िता गर्भवती हो गई। युवती ने जब आरोपी पर शादी करने का दबाव बनाया, तो उसने अपने सभी वादों से मुकरते हुए शादी करने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने न्याय के लिए एमजीएम थाना का दरवाजा खटखटाया और लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है और उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।



