



Jamshedpur.जमशेदपुर के मानगो चौक स्थित एक पेट्रोल पंप पर शुक्रवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब कई वाहन चालकों ने पेट्रोल में पानी मिलने का आरोप लगाया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और वाहन मालिकों ने पेट्रोल पंप प्रबंधन से जवाब मांगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक बाइक सवार ने अपनी गाड़ी में करीब 200 रुपये का पेट्रोल भरवाया था। कुछ ही दूरी चलने के बाद बाइक बंद हो गई। जब वह वाहन को मैकेनिक के पास लेकर पहुंचा तो जांच के दौरान पेट्रोल में पानी होने की बात सामने आने का दावा किया गया। इसके बाद बाइक सवार दोबारा पेट्रोल पंप पहुंचा और विरोध जताया।
मामले की जानकारी फैलते ही अन्य वाहन चालक भी वहां पहुंचने लगे। कई लोगों ने आरोप लगाया कि उनकी गाड़ियों में भी पेट्रोल भरवाने के बाद इसी तरह की समस्या आई है। बताया जा रहा है कि करीब 15 से 20 वाहन चालकों ने शिकायत दर्ज कराई।
विवाद बढ़ने पर पेट्रोल पंप प्रबंधन ने प्रभावित ग्राहकों को पेट्रोल की राशि वापस करने और यदि वाहन को कोई नुकसान हुआ है तो उसकी भरपाई करने का आश्वासन दिया। हालांकि, पेट्रोल में वास्तव में पानी मिला था या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की मांग उठ रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह तकनीकी गड़बड़ी थी, बारिश के कारण टैंक में पानी पहुंचा या मामला कुछ और है।



