


Jamshedpur.मानगो थाना क्षेत्र स्थित कृष्णा नगर में 23 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी शुक्रवार शाम परिजनों को मिली। सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक की पहचान पीयूष कुमार (23) के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, वह परिवार का इकलौता बेटा था और गुजरात की एक निजी कंपनी में कार्यरत था। करीब एक महीने पहले वह जमशेदपुर लौटा था और अपने माता-पिता व बहन के साथ रह रहा था। इस दौरान वह स्थानीय स्तर पर नौकरी की तलाश कर रहा था। परिजनों का कहना है कि लंबे समय से नौकरी नहीं मिलने के कारण पीयूष मानसिक तनाव में था। उनका मानना है कि इसी तनाव के चलते उसने यह कदम उठाया। हालांकि, पुलिस ने आत्महत्या के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।


