

Jamshedpur.टेल्को थाना क्षेत्र के ग्वाला बस्ती निवासी प्रियांशु गुप्ता ने रविंद्र ठाकुर पर पांच हजार रुपये रंगदारी मांगने, चापड़ से हमला करने और पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। प्रियांशु ने टेल्को थाने में लिखित शिकायत देकर खुद और अपने परिवार की जान-माल को खतरा बताया है। उसने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। शिकायत के अनुसार, सोमवार शाम करीब छह से सात बजे के बीच ग्वाला बस्ती चौक पर रविंद्र ठाकुर ने प्रियांशु को रास्ते में रोक लिया और पांच हजार रुपये रंगदारी मांगी। रुपये देने से इनकार करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। प्रियांशु के अनुसार, रात करीब नौ बजे वह एमजीएम अस्पताल जा रहा था। इसी दौरान डिमना चौक के पास रविंद्र ठाकुर ने उसे दोबारा रोक लिया।
आरोप है कि आरोपी ने चापड़ से प्रियांशु पर हमला कर दिया। इसके बाद पिस्तौल निकालकर जान से मारने की धमकी दी। हथियार देखकर प्रियांशु डर गया। शिकायत में प्रियांशु ने आरोप लगाया है कि रविंद्र ठाकुर तीन दिन पहले ही फायरिंग के एक मामले में जेल से बाहर आया है। उसने आरोपी पर इलाके में दबंगई करने और अवैध रूप से हफ्ता वसूली करने का भी आरोप लगाया है। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।

