

Jamshedpur. मौसम विभाग ने राज्य में पांच सितंबर तक बादल छाए रहने और भारी बारिश होने का अनुमान जताया है। विभाग ने बुधवार सुबह तक के लिए गढ़वा, पलामू, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में मूसलाधार बारिश की संभावना के मद्देनजर ‘रेड’ अलर्ट और लातेहार, लोहरदगा, गुमला, खूंटी और सरायकेला-खरसावां जिलों के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है। उत्तर-पश्चिमी जिलों गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार में बुधवार को भारी बारिश होने की उम्मीद है।
बृहस्पतिवार और शुक्रवार को भी राज्य के कई हिस्सों में मौसम के ऐसे ही हालात रहने का पूर्वानुमान है। रांची स्थित मौसम कार्यालय के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया, कई जिलों में मूसलाधार बारिश होने की संभावना है। हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। राज्य के दुमका में दिन में सबसे अधिक तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद पाकुड़ में 31.3 डिग्री सेल्सियस और पलामू के डाल्टनगंज में 30.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

