जमशेदपुर: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण SIR-2026 के तहत चल रही दावा-आपत्ति एवं दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया की कोल्हान प्रमंडल के आयुक्त रवि रंजन कुमार विक्रम ने समीक्षा की। उन्होंने जमशेदपुर समाहरणालय में जिला निर्वाचन पदाधिकारी (DEO) स्तर पर किए जा रहे दस्तावेज सत्यापन कार्य की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

DEO स्तर पर प्राप्त मामलों की हुई समीक्षा
समीक्षा के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन ने आयुक्त को SIR-2026 के तहत DEO स्तर पर प्राप्त प्रकरणों, संलग्न दस्तावेजों के सत्यापन और अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी दी।

आयुक्त ने सत्यापन प्रक्रिया की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिया कि सभी मामलों में निर्धारित निर्वाचन प्रक्रिया का पूरी तरह पालन किया जाए। उन्होंने दस्तावेजों और संबंधित अभिलेखों की सावधानीपूर्वक जांच पर विशेष जोर दिया।
पारदर्शिता और निष्पक्षता पर जोर
आयुक्त ने कहा कि SIR-2026 के तहत प्राप्त दस्तावेजों का सत्यापन तथ्यों की समुचित जांच के बाद किया जाना चाहिए। पूरी प्रक्रिया में निष्पक्षता, पारदर्शिता और नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने तथा नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही, आवश्यकता पड़ने पर संबंधित मतदाताओं को सत्यापन प्रक्रिया से जुड़ी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।
समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
समीक्षा के दौरान आयुक्त ने अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया कि दस्तावेज सत्यापन के कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निपटाने और पूरी कार्रवाई का रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने पर भी जोर दिया गया।
SIR-2026 के तहत मतदाता सूची से संबंधित दावा-आपत्ति और सत्यापन प्रक्रिया में प्रशासनिक स्तर पर लगातार निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में कोल्हान प्रमंडल आयुक्त की यह समीक्षा महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर ईआरओ सह अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम अर्नव मिश्रा, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

