


Jamshedpur. जमशेदपुर में अब जनसमस्याओं की शिकायत दर्ज कराने के लिए लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी. जिला प्रशासन ने जनसमस्याओं के त्वरित और पारदर्शी समाधान की दिशा में एक नई पहल की है. इसके तहत ‘अबुआ मित्र’ WhatsApp आधारित चैटबॉट सेवा की शुरुआत की गई है. जमशेदपुर स्थित जिला उपायुक्त कार्यालय में जिले के उपायुक्त राजीव रंजन ने अबुआ मित्र सेवा का शुभारंभ किया. इसके लिए 8580090001 WhatsApp नंबर जारी किया गया है. अब नागरिक अपने मोबाइल से इस नंबर पर संपर्क कर आसानी से अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे.
सरल और उपयोगकर्ता के अनुकूल सुविधा
इस सुविधा को सरल और उपयोगकर्ता के अनुकूल बनाया गया है. नागरिक अपनी सुविधा के अनुसार भाषा का चयन कर शिकायत से जुड़ी जरूरी जानकारी और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित दस्तावेज भी WhatsApp के माध्यम से उपलब्ध करा सकेंगे.
WhatsApp के जरिए प्राप्त शिकायतों को जिला प्रशासन के जन सहायता JSR पोर्टल से जोड़ा जाएगा. शिकायत दर्ज होने के बाद उसकी जानकारी पोर्टल पर अपडेट की जाएगी और शिकायत की प्रकृति के अनुसार उसे संबंधित विभाग, कार्यालय या सक्षम प्राधिकरण को कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा. इसके बाद शिकायत के अनुश्रवण, फॉलोअप और निवारण की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी.
स्थिति की जानकारी एसएमएस से
पूर्वी सिंहभूम जिला उपायुक्त राजीव रंजन ने बताया कि खास बात यह है कि शिकायत की स्थिति की जानकारी नागरिकों के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर SMS के माध्यम से अलग-अलग चरणों में दी जाएगी. यानी अब लोगों को अपनी शिकायत की प्रगति जानने के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी. इससे शिकायत निवारण प्रक्रिया में पारदर्शिता और अधिकारियों की जवाबदेही भी मजबूत होगी.

