Jamshedpur.सोनारी थाना क्षेत्र में गुरुवार की अहले सुबह सड़क दुर्घटना में राज्य की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा समेत उसके चार साथियों की मौत हुई है. घटना मरीन ड्राइव सड़क पर हुई है. इस संबंध में सोनारी थाना प्रभारी ने कहा कि सोनारी के रहने वाले मृतक सार्थक अग्रवाल के पिता परिवार समेत चार धाम यात्रा पर गए थे. बुधवार की रात सार्थक के घर में तृषा सिंह, नमन गुप्ता और वंशिका खंडेवाल थे. रात एक बजे सभी स्विफ्ट कार से बाहर घूमने निकले थे. कार सार्थक चला रहा था.

उन्होंने बताया कि बुधवार रात 10:00 बजे पेट्रोलिंग के दौरान मरीन ड्राइव सड़क पर ट्रक को खड़ा देख कर पूछताछ की गई थी तो पता चला था कि ट्रक में खराबी आई है. ट्रक के आगे-पीछे चारों तरफ इंडिकेशन के लिए झाड़ी लगा दी गई थी. इस घटना में ट्रक चालक की कोई गलती नहीं है. मृतकों के परिजन द्वारा थाना में आवेदन दिए जाने के बाद कार्रवाई की जाएगी.

कैसे हुई दुर्घटना
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मरीन ड्राइव सड़क पर एक ट्रक में खराबी आ गई थी. इस कारण ट्रक सड़क किनारे खड़ा था. इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने ट्रक के पीछे जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कार सवार चारों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. घटना गुरुवार को अहले सुबह 2: 45 मिनट पर हुई है. स्विफ्ट कार में दो लड़के और दो लड़कियां सवार थीं. जिसमें मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की 14 वर्षीय बेटी तृषा सिंह, वंशिका खंडेवाल और सार्थक अग्रवाल (तीनों जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र के रहने वाले थे) जबकि चौथा आदित्यपुर निवासी नमन गुप्ता शामिल था. चारों सोनारी स्थित जूनियर कारमेल स्कूल में प्लस टू के छात्र थे. सूचना मिलते ही पुलिस घटना स्थल पहुंची और गैस कटर का इस्तेमाल कर कार में फंसे चारों शवों को बाहर निकलवाकर एमजीएम अस्पताल भिजवाया.
ट्रक चालक यह बताया
जिस ट्रक के पीछे कार ने टक्कर मारी थी, उस ट्रक के चालक ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि ट्रक बुधवार रात को मरीन ड्राइव सड़क पर खराब हो गया था. मैकेनिक बुलाकर काम करवा रहे थे. इस दौरान पुलिस पेट्रोलिंग गाड़ी भी यहां से गुजरी थी. ट्रक चालक के अनुसार इस दौरान एक कार तेज रफ्तार में लगातार सड़क का चक्कर काट रही थी. थोड़ी देर के बाद जोरदार आवाज आई तो ट्रक के पीछे जाकर देखा तो कार ट्रक के पिछले हिस्से से फंसी थी और कार में सवार सभी बुरी तरह लहूलुहान थे. चालक के अनुसार यह हादसा गुरुवार की अहले सुबह करीब 2:45 बजे घटी है.

