Jamshedpur. जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र के घोड़ा चौक स्थित मल्लिक प्लाईवुड दुकान में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी अब भी फरार है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के दो लैपटॉप, 19 हजार रुपये नकद, एक बैग और चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और स्कूटी को भी जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार, 20 और 21 सितंबर की दरम्यानी रात चोरों ने घोड़ा चौक स्थित मल्लिक प्लाईवुड दुकान के ग्रील और शीशे को तोड़कर अंदर प्रवेश किया था। इसके बाद दुकान से लैपटॉप, नकदी और अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए थे।

घटना को लेकर जुगसलाई थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। मामले के उद्भेदन के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की। इसके बाद 24 सितंबर को पुलिस ने कपाली ओपी क्षेत्र में छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नूर मोहम्मद, दानिश हुसैन, शेख गनी इमाम उर्फ लकी और शहनवाज खान के रूप में हुई है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर मल्लिक प्लाईवुड दुकान से चोरी किया गया पिंक रंग का पीठू बैग, Lenovo का काला लैपटॉप, Acer का सिल्वर लैपटॉप और 19 हजार रुपये नकद बरामद किए है।
इसके अलावा आरोपियों के पास से चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी मिले हैं। सीसीटीवी फुटेज और जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने चोरी की वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और स्कूटी को भी बरामद कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, मामले में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

