Ranchi. रांची में वाहनों की टक्कर की दो अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह जारिया के पास एक कार आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई और कुछ दूरी तक घिसटती चली गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।

बेड़ो थाना प्रभारी काफिल अहमद ने बताया कि मृतक और घायलों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। एक अन्य घटना में बृहस्पतिवार रात एक मोटरसाइकिल रिंग रोड पर अरविंद मिल के पास भारी वाहन से टकरा गई। हादसे में मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में से किसी ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। नामकुम थाना प्रभारी रामनारायण सिंह ने बताया कि मृतकों की उम्र 25 से 30 वर्ष के बीच थी। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।


