Saraikela. नेशनल हाईवे-33 पर वीआईपी (VIP) काफिलों की आवाजाही को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए सरायकेला-खरसावां पुलिस ने एक नई व्यवस्था शुरू की है। पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार स्वर्गियारी के निर्देश पर एक विशेष एस्कॉर्ट टीम का गठन किया गया है, जिसमें एक पुलिस अधिकारी और चार जवान तैनात रहेंगे। यह टीम स्थायी रूप से चौका थाना परिसर में मौजूद रहेगी।

इस टीम का मुख्य कार्य नागासेरेंग से कपाली (दोमुहानी) तक के लगभग 35 से 40 किलोमीटर लंबे व्यस्त हिस्से में वीआईपी काफिलों को एस्कॉर्ट करना होगा। एसपी के अनुसार, पहले थानों के पुलिसकर्मियों को एस्कॉर्ट ड्यूटी में लगाने से गश्ती और अपराध नियंत्रण जैसे नियमित कार्य प्रभावित होते थे।

अब अलग टीम बनने से स्थानीय थाने अपने मूल कार्यों पर पूरा ध्यान दे सकेंगे। आपात स्थिति में जरूरत पड़ने पर इस टीम की सेवाएं विधि-व्यवस्था बनाए रखने में भी ली जा सकेंगी।

