Medninagar.झारखंड के पलामू जिले में जादू-टोना करने के संदेह में एक बुजुर्ग की गला घोंटकर हत्या करने के आरोप में 53 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के मंगरडीह गांव के शापुर टोला निवासी सोनू राम के रूप में हुई है। उसे बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया।

विश्रामपुर थाना क्षेत्र के कौड़िया गांव निवासी सीताराम (60) पर बुधवार को राम ने कथित तौर पर जादू-टोना करने के संदेह में कुल्हाड़ी से हमला किया और फिर गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी।

छतरपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) प्रशांत कुमार ने बताया, ‘हमने आरोपी को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया। उसने यह मानते हुए हत्या करने की बात स्वीकार की कि सीताराम जादू-टोना करते थे, जिसके कारण उसके भतीजे की मौत हो गई थी।
उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों के बयानों के आधार पर 21 अक्टूबर को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। सीताराम करीब 40 वर्षों से मंगरडीह में अपने ससुराल में रह रहे थे।

