Gumla. झारखंड के गुमला जिले में प्रतिबंधित संगठन ‘पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया’ (पीएलएफआई) के एक जोनल कमांडर और तीन अन्य सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एक गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कामडारा थाना क्षेत्र के बोंगदा गांव में बृहस्पतिवार रात दबिश देकर चारों को उस समय गिरफ्तार कर लिया, जब वे इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की साजिश रच रहे थे। पुलिस महानिरीक्षक (अभियान) नरेंद्र कुमार सिंह ने कहा, ‘हमने प्रतिबंधित संगठन पीएलएफआई के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें खूंटी जिले का रहने वाला जोनल कमांडर विश्राम कोंगाडी उर्फ मोटा (28) भी शामिल है।

कोंगाडी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ राज्य के खूंटी, सिमडेगा, गुमला तथा अन्य जिलों में कम से कम 16 मामले दर्ज हैं। गुमला के पुलिस अधीक्षक हारिस बिन ज़मां ने बताया कि पुलिस ने उनके पास से मैगजीन के साथ दो पिस्तौल, एक देशी कट्टा, सात कारतूस, संगठन के नाम वाले छह पर्चे और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

उन्होंने कहा कि संगठन के अन्य तीन सदस्यों की पहचान गुमला जिले के रहने वाले अमन सुरीन (34) व एतवा कोंगाडी उर्फ एतवा (38) और पश्चिमी सिंहभूम जिले के रहने वाले अर्पित तोपनो (22) के रूप में हुई है।

