Jamshedpur. झारखंड सरकार ने अलग राज्य के गठन के लिए संघर्ष करने वाले आंदोलनकारियों और उनके आश्रितों को पेंशन व अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए कुल 7.66 करोड़ रुपये का आवंटन किया है। विभाग ने सभी जिलों के उपायुक्तों को पत्र भेजकर यह राशि जारी कर दी है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंचाई जाएगी। संबंधित जिले के उपायुक्त निकासी एवं व्यय के प्राधिकृत अधिकारी होंगे और राशि जिला कोषागार से निकाली जाएगी। भुगतान उचित पहचान के आधार पर ही होगा तथा आवंटित राशि का किसी भी प्रकार का दुरुपयोग या डायवर्जन नहीं किया जाएगा।

जिलावार आवंटन में जमशेदपुर को सर्वाधिक 1.04 करोड़ रुपये मिले हैं। बोकारो को 62.94 लाख, चाईबासा को 61.99 लाख, गिरिडीह को 49.10 लाख, रांची को 49.11 लाख तथा धनबाद को 44.89 लाख ,सरायकेला को 20.28 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं। अन्य जिलों में भी अलग-अलग राशि दी गई है। साहिबगंज को सबसे कम 84 हजार रुपये मिले हैं। यह कदम अलग राज्य आंदोलन में शामिल लोगों और उनके परिवारों को आर्थिक सहायता पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


