Ghatsila. त्योहारों के मौसम में लोगों की सेहत से खिलवाड़ का मामला सामने आया है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गुरुवार को घाटशिला, गालूडीह और जादूगोड़ा क्षेत्र में मिठाई दुकानों, होटलों, ढाबों और रेस्टोरेंट में व्यापक जांच अभियान चलाया। इस दौरान 155 लीटर एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक, मिलावटी छेना, खराब मिठाइयां, अखाद्य रंग और बड़ी मात्रा में एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थ बरामद किए गए। खाद्य विभाग ने कई सामान को मौके पर ही नष्ट करवा दिया। जादूगोड़ा स्थित जय मां रंकिनी होटल की जांच में लगभग 155 लीटर एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक, 8 किलो मिलावटी छेना और छेना से बनी 7 किलो मिठाई मिली। वहीं उड़िया होटल में 10-12 किलो तैयार सब्जी, अखाद्य रंग से बनी 4 किलो बूंदी, 3 किलो जलेबी और अखाद्य रंग मिला 1.5 किलो कश्मीरी मिर्च पाउडर बरामद किया गया।

यहां से अखाद्य रंग की 15 पुड़िया भी मिलीं। शासती होटल की जांच में 10 किलो एक्सपायर्ड दूध, 8 किलो एक्सपायर्ड नमकीन, 7 किलो खराब मिठाई, 2 किलो एक्सपायर्ड दही, 1 किलो एक्सपायर्ड पनीर और 600 ग्राम एक्सपायर्ड मक्खन मिला। इसके अलावा अखाद्य रंग की 9 पुड़िया भी बरामद की गईं।

गालूडीह में 15 लीटर एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक, 4 किलो खराब लड्डू और अन्य मिठाइयां तथा अखाद्य रंग के 20 पैकेट मिले। खाद्य निरीक्षक मासूम अंसारी के अनुसार, जय मां रंकिनी होटल और शासती होटल से खाद्य पदार्थों के विधिसम्मत नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे गए हैं। प्रतिष्ठानों के संचालकों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई बनाए रखने तथा एक्सपायर्ड और मिलावटी सामान की बिक्री नहीं करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने बताया कि आम लोगों को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने और मिलावटखोरी पर रोक लगाने के लिए जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।

