महिलाओं की भागीदारी 29 प्रतिशत, करीब 5,400 प्रतिभागियों के दौड़ में शामिल होने की उम्मीद; पहली बार 5 किमी के धावकों को भी मिलेगा फिनिशर मेडल

जमशेदपुर। टाटा स्टील जमशेदपुर हाफ मैराथन के 11वें संस्करण को लेकर शहर के धावकों और फिटनेस प्रेमियों में खासा उत्साह है। आगामी 29 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाली इस मैराथन के लिए अब तक 4,514 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। आयोजकों को उम्मीद है कि इस वर्ष करीब 5,400 लोग विभिन्न श्रेणियों में दौड़ का हिस्सा बनेंगे। खास बात यह है कि कुल पंजीकरण में महिलाओं की भागीदारी 29 प्रतिशत है, जो शहर में रनिंग और फिटनेस के प्रति महिलाओं के बढ़ते रुझान को दर्शाती है।

टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट, कॉरपोरेट सर्विसेज, डी.बी. सुंदरा रामम ने कहा कि टाटा स्टील जमशेदपुर हाफ मैराथन लगातार शहर के धावकों को एक मंच पर लाने का काम कर रही है। यह आयोजन फिटनेस, सामुदायिक भागीदारी और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देने के साथ-साथ जमशेदपुर की खेल संस्कृति और पहचान का उत्सव भी है।
टी-शर्ट और नए डिजाइन के मेडल का अनावरण
सोमवार को जमशेदपुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मैराथन की आधिकारिक टी-शर्ट और नए डिजाइन वाले फिनिशर मेडल का अनावरण किया गया। इस वर्ष मेडल को विशेष रूप दिया गया है, जिसमें जमशेदपुर की मूल पहचान और शहर के स्वरूप को प्रदर्शित करने का प्रयास किया गया है। यह मेडल प्रतिभागियों के लिए दौड़ पूरी करने की उपलब्धि के साथ शहर और मैराथन से जुड़ी यादों का प्रतीक बनेगा।
इस बार पहली बार 5 किलोमीटर श्रेणी के प्रतिभागियों को भी फिनिशर मेडल दिया जाएगा। इस पहल का सकारात्मक असर पंजीकरण पर पड़ा है। पिछले संस्करण की तुलना में 5 किलोमीटर श्रेणी में प्रतिभागियों की संख्या लगभग दोगुनी हो गई है।
21, 10 और 5 किमी के रूट पर होंगे हाइड्रेशन पॉइंट
प्रतिभागियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए सभी रूटों पर व्यापक व्यवस्था की गई है। 21 किलोमीटर के हाफ मैराथन मार्ग पर 13, 10 किलोमीटर के मार्ग पर सात और 5 किलोमीटर के मार्ग पर पांच हाइड्रेशन पॉइंट बनाए जाएंगे। प्रत्येक पॉइंट पर प्राथमिक उपचार की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
इसके अलावा 21 और 10 किलोमीटर श्रेणी के धावकों को इलेक्ट्रोलाइट्स उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि दौड़ के दौरान शरीर में पानी और जरूरी लवणों का संतुलन बना रहे तथा थकान कम हो।
27 और 28 नवंबर को लगेगा मैराथन एक्सपो
प्रतिभागियों को दौड़ के मार्ग, हाइड्रेशन पॉइंट, प्राथमिक उपचार और अस्थायी शौचालयों सहित अन्य सुविधाओं की विस्तृत जानकारी निर्देश पुस्तिका में दी जाएगी। यह पुस्तिका 27 और 28 नवंबर को आयोजित होने वाले मैराथन एक्सपो के दौरान सभी पंजीकृत प्रतिभागियों को उपलब्ध कराई जाएगी।
टाटा स्टील ने आयोजन में सहयोग के लिए सभी भागीदारों के प्रति आभार जताया है। टाटा कॉपर+ इस आयोजन का हाइड्रेशन पार्टनर और जिंजर होटल्स हॉस्पिटैलिटी पार्टन


