Ranchi. झारखंड के जामताड़ा जिले में यूपीआई भुगतान पर कैशबैक देने का झांसा देकर ऑनलाइन ठगी करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार को तीन स्थानों पर छापेमारी के बाद आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी खुद को ग्राहक सेवा अधिकारी बताकर लोगों को फोनपे पर फर्जी कैशबैक ऑफर देते थे और इसके बाद वे लोगों को खाते की जानकारी अपडेट करने के बहाने एक ‘मैलवेयर’ डाउनलोड करने के लिए बरगलाते थे।

उन्होंने बताया कि आरोपियों के कब्जे से आठ मोबाइल फोन और 13 फर्जी सिम कार्ड जब्त किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में से दो पहले भी इसी तरह के मामलों में जेल जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि इस पूरे गिरोह के नेटवर्क की पहचान कर उसका भंडाफोड़ करने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।


