Ranchi. रांची में 18 लाख रुपये का कर्ज न चुका पाने पर 30 वर्षीय एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। मिथिलेश कुमार की बुधवार रात सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के इंद्रपुरी मार्ग नंबर-1 स्थित उनके घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। कोतवाली सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) निखिल राय ने कहा, ‘हमने हत्या के सिलसिले में छह लोगों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि मिथिलेश ने 39 वर्षीय अभिषेक कुमार उर्फ लल्लू से 18 लाख रुपये का कर्ज लिया था, लेकिन वह यह राशि लौटा नहीं सका। मामले को लेकर विवाद हुआ और आरोपी ने पांच अन्य लोगों के साथ मिलकर कुमार की हत्या की साजिश रची।

अधिकारी ने बताया कि सिर में गोली लगने के बाद मिथिलेश को राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्होंने कहा कि छह आरोपियों में से दो पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं और उनके खिलाफ दो थानों में तीन मामले लंबित हैं। सभी आरोपियों की उम्र 23 से 39 वर्ष के बीच है।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के पास से 11 मोबाइल फोन, दो एसयूवी और एक दोपहिया वाहन जब्त किया है। मामले की जांच जारी है।

