Chandil: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल वन क्षेत्र अंतर्गत बाना गांव में जंगली हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। शुक्रवार देर रात करीब एक बजे झुंड से बिछड़ा एक जंगली हाथी गांव में घुस आया। इस दौरान हाथी ने झंटू महतो की राशन दुकान को निशाना बनाया और दुकान को तोड़कर अंदर रखी खाद्य सामग्री खा गया। घटना के दौरान दुकान टूटने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीणों को हाथी के गांव में घुसने की जानकारी मिली। इसके बाद ग्रामीणों ने शोर मचाकर हाथी को भगाने का प्रयास किया।

काफी देर तक उत्पात मचाने के बाद हाथी गांव से निकलकर पास के जंगल की ओर चला गया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि चांडिल वन क्षेत्र के विभिन्न गांवों में जंगली हाथियों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। कभी हाथी खेतों में लगी धान की फसल बर्बाद कर रहे हैं, तो कभी घरों और दुकानों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की गतिविधियों पर निगरानी रखने और पीड़ित दुकानदार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।


