New Delhi. मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन गलियारे के कुल 508 किलोमीटर मार्ग में से सूरत-बिलिमोरा खंड पर रेलगाड़ियों को ऊर्जा आपूर्ति करने के लिए तार (ओएचई) लगाने के बाद बिजली आपूर्ति सफलतापूर्वक शुरू कर दी गई है। रेल मंत्रालय ने शनिवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय ने एक विज्ञप्ति में बताया, सुरक्षा और निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित करने के लिए, तकनीकी टीम की कड़ी निगरानी में छोटे-छोटे हिस्सों में चरणबद्ध तरीके से बिजली आपूर्ति का कार्य किया जाएगा। रेलवे ने जन-सुरक्षा संबंधी एक परामर्श भी जारी कर कहा कि इस मार्ग के आस-पास रहने वाले लोगों, यात्रियों, निर्माण कार्य में लगे मजदूरों और आम जनता को आगाह किया जाता है कि वे ऊपर से गुजर रही बिजली की तारों या उपकरणों के पास न जाएं, उन्हें न छुएं, और इस हिस्से के निकट कोई भी अनधिकृत काम न करें।

अधिकारियों ने कहा कि हालांकि बिजली आपूर्ति का अभिप्राय यह नहीं है कि यह खंड ट्रेन परिचालन के लिए तैयार है, लेकिन यह उस लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। मंत्रालय ने हाल ही में 100 किलोमीटर लंबे सूरत-वापी खंड पर बुलेट ट्रेन परिचालन शुरू करने की समय-सीमा को अगस्त 2027 से बढ़ाकर 2027 की आखिरी तिमाही कर दिया है। विज्ञप्ति के मुताबिक, इस खंड में जमीन से ऊपर बने ढांचों पर अप और डाउन दोनों लाइनें हैं, और यह परियोजना के लिए आगे की परीक्षण गतिविधियों की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रगति है। रेलवे ने बताया कि मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन गलियारा एक उन्नत 2 गुना 25 किलोवाट ‘ओवरहेड ट्रैक्शन सिस्टम’ से लैस है, जो दुनिया भर में हाई-स्पीड रेल प्रणालियों के लिए इस्तेमाल की जाने वाली अत्याधुनिक विद्युतीकरण तकनीकों में से एक है।

मंत्रालय ने बताया, ‘‘इस विद्युतीकरण नेटवर्क में 508 किलोमीटर लंबे गलियारे पर रणनीतिक रूप से स्थित 14 कर्षण उपकेंद्र शामिल हैं। ये उपकेंद्र राष्ट्रीय ग्रिड से बिजली प्राप्त करेंगे और इसे हाई-स्पीड रेलगाड़ियों में इस्तेमाल होने वाले ओवरहेड ट्रैक्शन सिस्टम को आपूर्ति करेंगे। सुरक्षित और भरोसेमंद संचालन सुनिश्चित करने के लिए, पूरे विद्युत नेटवर्क की निगरानी एक केंद्रीकृत नियंत्रण केंद्र के माध्यम से की जाएगी। सूरत-बिलिमोरा खंड में दोनों स्टेशनों के बीच लगभग 50 किलोमीटर की पटरी सतह से ऊपर बनाई गई है।
इस खंड में चार नदियों पर बने पुल और राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या- 53 के ऊपर बना एक इस्पात पुल शामिल है। अधिकारियों ने बताया कि आसपास के इलाकों पर शोर के असर को कम करने के लिए इस पर लगभग 94,000 ध्वनि अवरोधक भी लगाए गए हैं।

