Ranchi . झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भारत के प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत और उच्चतम न्यायालय के कॉलेजियम से राज्य के उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश एम एस सोनक के 27 नवंबर को सेवानिवृत्त होने से पहले उनके उत्तराधिकारी के नाम की सिफारिश करने का अनुरोध किया है। प्रधान न्यायाधीश और कॉलेजियम के न्यायाधीशों को लिखे पत्र में सोरेन ने कहा कि लंबे समय तक अंतरिम व्यवस्था रहने से न्यायिक संस्थान में अनिश्चितता पैदा हो सकती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पदभार में बार-बार बदलाव होने से उच्च न्यायालय में प्रशासनिक कामकाज की निरंतरता और संस्थागत योजना की प्रक्रिया बाधित होती है। सोरेन ने न्याय व्यवस्था में जनता का भरोसा बनाए रखने के लिए झारखंड उच्च न्यायालय में स्थिर न्यायिक नेतृत्व की जरूरत पर भी जोर दिया। उन्होंने पत्र में कहा कि कॉलेजियम ने तत्काल कदम नहीं उठाया तो झारखंड उच्च न्यायालय में एक बार फिर कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की अंतरिम व्यवस्था करनी पड़ सकती है।
उन्होंने कहा कि मुख्य न्यायाधीश का पद किसी भी उच्च न्यायालय के प्रशासनिक और न्यायिक कामकाज के लिए केंद्रीय महत्व रखता है।


